शहर के सिविल लाइन स्थित न्यू अवंतिका रेस्टोरेंट को मंगलवार को सील कर दिया गया। इस कार्रवाई के पीछे रेस्टोरेंट का सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा और मानक के विपरीत निर्माण होना बताया जा रहा है।
यह कार्रवाई मंगलवार को अयोध्या-फैजाबाद विकास प्राधिकरण के अफसरों ने दोपहर में की तो हड़कंप मच गया। इस दौरान विरोध भी हुआ लेकिन पुलिस की मौजूदगी के चलते कोई खास असर नहीं रहा।
न्यू अवंतिका रेस्टोरेंट को सील करने के लिए प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने मंगलवार को अफसरों की टीम भेजी। पुलिस के साथ पहुंची दो अफसरों की टीम ने इसमें ताला लगाने की कोशिश की तो विरोध शुरू हो गया।
रेस्टोरेंट मालिक ने कई लोगों के साथ ताला लगाए जाने का विरोध किया। उनका कहना था कि होटल को लेकर कार्रवाई चल रही है लेकिन पुलिस की मौजूदगी और असलियत बताने के बाद विरोध कम हुआ।
इसके बाद प्राधिकरण के अफसरों ने मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। प्राधिकरण के मुताबिक, रेस्टोरेंट सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाया गया है। बताया गया है कि होटल का एक हिस्से का निर्माण अवैध रूप से कराया गया है।
इसको लेकर बार-बार शिकायतें आ रही हैं। होटल के जो हिस्सा अवैध निर्माण के दायरे में आता है उस पर होटल का ज्यादातर हिस्सा टिकता है। इसलिए भी इस पर आगे की कार्रवाई से हाथ बचाए रखने की कोशिश होती है।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि न्यू अवंतिका रेस्टोरेंट के कुछ हिस्से का निर्माण सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके कराया गया है। इसकी शिकायत लगातार हो रही है।
अब तक इसको ठीक कराने के लिए कई बार नोटिस दिया गया लेकिन इसे ठीक नहीं कराया गया तो मंगलवार को इसे सील करा दिया गया।