बैंक आफ बड़ौदा की मयाबाजार शाखा में जांच करने पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बैंक ऑफ बड़ौदा की मयाबाजार शाखा में एग्जास्ट फैन काट कर अंदर घुसे चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बैंक में कैश चेस्ट का दरवाजा व अंदर मौजूद तिजोरी को काट कर चोरों ने मौजूद साढ़े पांच लाख की नकदी पर हाथ साफ कर दिया है। रविवार शाम सात बजे घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। एसएसपी अनंत देव भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
महराजगंज थानाध्यक्ष नीरज राय ने बताया कि घटना की जानकारी होने के बाद बैंक मैनेजर अजय कुमार राजा को बुलाया गया है। चोर बैंक शाखा के पीछे की दीवार पर लगे एग्जास्ट फैन को निकालने के बाद अंदर घुसे हैं और कैश चेस्ट के दरवाजे व तिजोरी को काट कर अंदर रखी नकदी लेकर भाग निकले है। शनिवार की शाम से बैंक बंद था। माना जा रहा है कि चोरों ने शनिवार की रात वारदात को अंजाम दिया है।