अयोध्या दर्शन को जा रहा एक बुजुर्ग यात्री शुक्रवार को गरीब नवाज एक्सप्रेस ट्रेन से गिर गया। यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। रेलवे स्टेशन से पश्चिमी होम सिग्नल के पास हुई दुर्घटना के कारण जीआरपी व सिविल पुलिस के बीच सीमा विवाद रहा, जिसके कारण लगभग दो घंटे बाद जीआरपी ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम को भेजा।
आरपीएफ के सहायक निरीक्षक ओपी राय ने बताया कि लखनऊ से फैजाबाद आ रही गरीब नवाज एक्सप्रेस मोदहा रेलवे क्रॉसिंग से पश्चिम होम सिग्नल के पास पहुंची तो ट्रेन सवार एक यात्री नीचे गिर गया। इसमें यात्री की मौके पर ही मौत हो गई।
यात्री की पहचान नागेंद्र कुमार (60) पुत्र राममूर्ति लाल निवासी गली नवालान तहसील व जिला बरेली के रूप में हुई है। बताया कि यात्री के झोले से दो मोबाइल चार्जर, दो मोबाइल, टाइटन घड़ी, साबुन, 650 रुपये, कपड़े, वोटर आईडी, आयकर रिटर्न प्रपत्र बरामद हुआ है।
यात्री के मोबाइल से उसके भाई नितिन अग्रवाल से बात हुई तो बताया गया कि नागेंद्र अयोध्या दर्शन करने जा रहा था। परिवार के लोग सूचना पर आ रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ लगभग दस बजे हुई घटना के बाद शव को लेकर सिविल पुलिस व जीआरपी के बीच सीमा विवाद शुरू हो गया। लगभग दो घंटे बाद जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।