ठगी व धोखाधड़ी के मामलों में लगाम नहीं लग पा रही है। ऐसी शिकायतों पर कार्रवाई की बात तो दूर पुलिस रिपोर्ट भी नहीं दर्ज करती है। लिहाजा पीड़ितों को अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ता है। ऐसे ही तीन प्रकरणों में अदालत के आदेश के बाद मुकदमा दर्ज किया है।
एक मामले में सीएचसी प्रभारी समेत दो, दूसरे मामले में माइन स्टोन क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक समेत चार तथा मकान का बैनामा कराने में भी चार पर रिपोर्ट लिखाई गई है।
राठहवेली निवासी मोहम्मद अफ जल अंसारी का कहना है कि सीएचसी मसौधा में तैनात प्रभारी व अन्य ने नौकरी दिलाने का झांसा दिया और किश्तों में पांच लाख रुपये वसूल लिए।
नौकरी न मिलने पर रकम वापस मांगी तो चेक थमा दिया, जो बैंक खाते में लगाने पर बाउंस हो गया। पीड़ित का कहना है कि नगर कोतवाली पुलिस व अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन न तो रिपोर्ट दर्ज हुई और न ही कोई कार्रवाई हुई तो कोर्ट का सहारा लेना पड़ा।
वहीं माइन स्टोन क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से योजना में रकम लगवा कर कम समय में मोटी कमाई का लालच देकर लाखों की ठगी मामले में भी अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है। नगर कोतवाली के लालबाग निवासी मनीष श्रीवास्तव का कहना है कि उन्होंने माइन स्टोन क्रेेडिट प्राइवेट लिमिटेड की योजना में रकम जमा कराई।
परिपक्वता अवधि आने पर कंपनी के प्रतिनिधियों ने मोटी कमाई का लालच दिखाकर परिपक्व रकम फिर से योजना में लगा दी और इस तरह कुल 18 लाख रुपये जमा करा लिए गए। रकम वापसी का दबाव बनाने पर कंपनी की ओर से फर्जी चेक थमा दिया गया। पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की।
अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के नयाघाट निवासी माया देवी पत्नी संतराम का कहना है कि मोहल्ले के ही नारायण प्रसाद दूबे ने अन्य लोगों से मिलीभगत कर धोखाधड़ी व जालसाजी करके उनके मकान का बैनामा करा लिया।
मामले की जानकारी पर जब पूछताछ की तो यह बात नारायण प्रसाद को नागवार लगी और वह मारपीट पर आमादा हो गया तथा गाली-गलौच करते हुए जान-माल की धमकी दी। पुलिस की ओर से रिपोर्ट न दर्ज किए जाने पर अधिकारियों से शिकायत की गई। सुनवाई न होने पर अदालत का सहारा लिया गया।
एसएसपी के पीआरओ ने बताया कि नगर कोतवाली पुलिस ने नौकरी के नाम पर ठगी के मामले में सीएचसी मसौधा के प्रभारी व सहायक हरि किशोर चौधरी निवासी सुतहर पारा रामनगर थाना जहांगीरगंज जनपद अंबेडकरनगर समेत दो तथा लालबाग निवासी मनीष श्रीवास्तव की शिकायत पर माइन स्टोन क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक भगवती शरण द्विवेदी समेत चार के खिलाफ तथा अयोध्या पुलिस ने महिला की शिकायत पर नारायण दूबे समेत चार के खिलाफ केस दर्ज किया है।