वन विभाग के एक बड़े अफसर ने मकान का प्लॉट बनाने के लिए हरे-भरे पेड़ काट डाले।
- फोटो : अमर उजाला
मवई थाना क्षेत्र के संडवा गांव के प्रधान ने चरागाह की सरकारी भूमि पर लगे हरे पेड़ों पर आरा चलवा दिया और एक ठेकेदार से सौदा भी तय कर लिया। गुरुवार को जब ठेकेदार के गुर्गे लकड़ी लेकर जाने लगे तो ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने लकड़ी ले जा रहे वाहन को पकड़ लिया। गुर्गे भाग गए और गिरफ्त में आए वाहन चालक समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
संडवा गांव में चरागाह की सरकारी भूमि पर सागौन के पेड़ लगे थे। आरोप है कि ग्राम प्रधान संडवा निशाद खां उर्फ गुड्डू ने गुरुवार को अपने दो साथियों के साथ मिलकर सागौन का पेड़ कटवा दिया और एक ठेकेदार को बेच दिया। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। ठेकेदार के गुर्गे लकड़ी को पिकअप वाहन पर लादकर जाने की तैयारी कर रहे थे।
मौके पर जब एसआई शैलेंद्र गिरि पहुंचे तो लकड़ी वाहन से ले जाई जा चुकी थी। एसआई ने बताया कि वाहन का पीछा कर ग्राम नेवरा के पास पकड़ लिया गया। चालक दिनेश को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो पता चला कि प्रधान ने हरे पेड़ों को कटवा कर बेच दिया है।
एसओ राजीव सिंह ने बताया कि हल्का लेखपाल मग्घू राम शर्मा की तहरीर पर प्रधान संडवा निशाद खां, ग्राम नेवरा के वाहन चालक दिनेश और ग्राम धनोली के सलमान के खिलाफ वन संरक्षण अधिनियम व लोक सम्पत्ति निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। वाहन को सीज कर दिया गया है।