हैरिंग्टनगंज। शनिवार की रात बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के रामरंग बाजार में लूटपाट नहीं हुई थी, बल्कि मित्र की रकम ऐंठने के लिए पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने रकम बरामद कर मामले का खुलासा किया है।
मोतीगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के रामगंज बाजार निवासी वीरेंद्र गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि शनिवार रात नकाबपोश चार लोगों ने उसके घर में घुसकर कमरे में सो रही उसकी पत्नी बृजेश कुमारी को बंधक बना लिया औैर तमंचा दिखाकर उससे घर में रखी रकम के बारे में पूछा और छह लाख सात हजार 500 रुपया लूट लिया।
रकम उसके मित्र दुल्हीपुर शंकरपुर निवासी शिवनाथ उपाध्याय ने रखने के लिए दी थी। कोतवाल श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि शिकायत पर पड़ताल शुरू की गई तो मामला संदिग्ध मिला। वीरेंद्र से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने हकीकत बयां कर दी। साथ ही छिपाकर रखी रकम बरामद करा दी। छह लाख रुपये देने वाले उसके मित्र शिवनाथ मास्टर की शिकायत पर वीरेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।