पुलिसकर्मियों को अब लापरवाही व मनमानी भारी पड़ेगी। जल्द ही जिले के हर थाने व कोतवाली में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। इस बाबत डीजीपी के आदेश के बाद महकमा सक्रिय हो गया है।
रिपोर्ट दर्ज करने में हीलाहवाली से लेकर लापरवाही पर लगाम के लिए नए सिरे से कवायद शुरू की गई है। थाने में थर्ड डिग्री से लेकर भ्रष्टाचार की शिकायतों को उच्चाधिकारियों ने गंभीरता से लिया है।
इसके चलते हर थाना-कोतवाली के गेट व कार्यालय में सीसीटीवी लगवाने का फरमान जारी किया है। सूबे के नए डीजीपी जावीद अहमद की ओर से जिला पुलिस प्रमुखों को भेजे गए आदेश में कहा गया है कि सभी थाना-कोतवाली के मुख्य गेट तथा कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं।
जिससे पुलिसकर्मियों तथा कार्यालय की गतिविधियों की निगरानी कराई जा सके व लापरवाह कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सके। संबधित विभाग को फरमान पर अविलंब पहल कराने को कहा गया है।
शासन की ओर से किसी मामले की शिकायत अथवा घटना की जानकारी होने पर तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश है। भारतीय दंड संहिता में स्पष्ट रूप से प्राविधान किया गया है कि किसी भी मामले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने से न तो इंकार करेगी और न ही हीलाहवाली।
तहरीर अथवा सूचना मिलने पर तत्काल उसे जनरल डायरी पर दर्ज करके विवेचना के लिए किसी अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। दर्ज रिपोर्ट पीड़ित अथवा सूचना देने वाले को पढ़कर सुनाई जाएगी और उसके हस्ताक्षर अथवा अंगूठा निशान लेने के बाद दर्ज रिपोर्ट की एक कॉपी निशुल्क फरियादी को दी जाएगी।
रिपोर्ट लिखने में लापरवाही के करने वालों के खिलाफ अदालत ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने का आदेश दे रखा है। इसके बावजूद पुलिस विभाग में लापरवाही व हीलाहवाली थमने का नाम नहीं ले रही।
एसपी सिटी आरएस गौतम ने बताया कि डीजीपी के आदेश का अनुपालन कराने को लेकर कवायद शुरू कर दी है। जल्द ही थाने-कोतवाली में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। ड्यूटी में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।