कौशलपुरी कॉलोनी में एक अधिवक्ता के घर में चोरी हो गई। ताला तोड़कर घर में घुसे चोर 14 हजार रुपये कैश समेत हजारों के गहने चुरा ले गए। वहीं, पुष्पराज चौराहा स्थित एक निजी टेलीकॉम कंपनी के मिनी स्टोर का ताला तोड़कर नगदी चोरी हो गई।
कौशलपुरी कॉलोनी निवासी अधिवक्ता जयश्री प्रसाद यादव शुक्रवार शाम को परिवार समेत पैतृक घर भदरसा गए थे। शनिवार सुबह लौटे तो घर के सभी ताले टूटे मिले। जयश्री के मुताबिक उनके घर से 14 हजार रुपये कैश व सोने-चांदी के गहने चोरी हुए हैं।
उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं, शनिवार सुबह पुष्पराज चौराहा स्थित निजी टेलीकॉम कंपनी के मिनी स्टोर का शटर टूटा मिला। आसपास के लोगों ने स्टोर के संचालक विवेकानंद पाठक को खबर दी।
पुलिस ने छानबीन की तो स्टोर में रखे लैपटॉप सुरक्षित मिले, जबकि गल्ले से तीन हजार रुपये चोरी हो गए। एसपी सिटी आरएस गौतम ने बताया कि दोनों केस दर्ज कर छानबीन के निर्देश दिए हैं।