लखनऊ से बहराइच लौट रही एक कार देर शाम करीब साढ़े सात बजे रौनाही थानाक्षेत्र के दिगंबरपुर ओवरब्रिज पर अचानक धूं-धूं कर जलने लगी। इससे आस-पास से गुदर रहे लोगों में हलचल मच गई। हालांकि कार सवार दंपती व उनके दोनों बच्चे सकुशल बाहर निकल गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार को दूसरी गाड़ी से उनके घर बहराइच भेज दिया है। बताते हैं कि बहराइच के छावनी बाजार
थानाक्षेत्र के दरगाह निवासी अमित मित्तल अपनी पत्नी व दो पुत्रों के साथ लखनऊ से शाम को घर के लिए रवाना हुए, मगर रौनाही थानाक्षेत्र के दिगंबरपुर ओवरब्रिज पर जैसे ही कार चढ़ी पहले धुंआ उठा। धुंआ देख अमित मित्तल परिवार को बाहर निकालने में सफल रहे।
जबकि कार चंद पलों में धूं-धूं कर जल उठी। सत्ती चौरा चौकी प्रभारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि कार पहले से खराब बताई जा रही है, अमित मित्तल को इससे जाने से लखनऊ में लोगों ने मना भी किया। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित पक्ष को दूसरी गाड़ी से घर भिजवा दिया है, कार को थाने लाया जा रहा है।