अयोध्या विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी बज्मी सिद्दीकी पर एक बार फिर हमला, लूटपाट और दुराचार का मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि गुरुवार की रात समर्थकों समेत कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला के घर पहुंचे बसपा नेता ने महिला के परिवारीजनों से मारपीट व लूटपाट की।
पुराना मुकदमा वापस लेने के लिए धमकाया और महिला के साथ गैंग रेप किया। पुलिस ने बसपा प्रत्याशी समेत आठ को नामजद करते हुए घर में घुसकर सामूहिक दुराचार, मारपीट व लूटपाट की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।
नगर कोतवाली के रीडगंज निवासी बज्मी सिद्दीकी ने विधानसभा चुनाव 2017 में बहुजन समाज पार्टी के सिंबल पर अयोध्या विधानसभा क्षेत्र का चुनाव लड़ा है। कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने बज्मी सिद्दीकी समेत उनके समर्थकों पर घर पर धावा बोलकर मारपीट, लूटपाट तथा सामूहिक दुराचार का आरोप लगाया है।
चार माह पूर्व बसपा नेता के खिलाफ दर्ज कराये गये दुराचार व लूटपाट के मुकदमों को वापस न लेने पर जान से मार देने की धमकी देने का आरोप है। गुरुवार रात 11 बजे की घटना के बाद कोतवाली पहुंची महिला ने पुलिस को तहरीर दी। जिसके बाद महिला पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ की और शुक्रवार को पुलिस ने उसका मेडिकल कराया।
22 अक्तूबर को भी दर्ज कराया था मुकदमा : कोतवाली क्षेत्र निवासी इसी महिला ने लगभग चार माह पूर्व 22 अक्तूबर को नगर कोतवाली में इसी बसपा प्रत्याशी समेत दो अन्य के खिलाफ दुराचार व लूटपाट का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया था। जिसमें बसपा प्रत्याशी के खिलाफ आरोप निराधार पाए गए थे जबकि दो आरोपियों को जेल भेजा गया था।