शराब के नशे में धुत एक युवक ने आपसी कहासुनी के बाद डंडे से पीट-पीटकर दूसरे युवक को मरणासन्न कर दिया। आननफानन में घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृत युवक की मां की तहरीर पर हैदरगंज पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। मामला हैदरगंज थाना क्षेत्र के शांति का पुरवा गांव के विजयनपुर का है।
बुधवार की रात करीब आठ बजे गांव निवासी सूर्यप्रकाश शराब के नशे में धुत होकर अपने पड़ोस में रहने वाले चिंतामणि (32) पुत्र बृजलाल के दरवाजे पर पहुंचा। ग्रामीणों ने बताया कि सूर्यप्रकाश ने पहले चिंतामणि के साथ गालीगलौज की फिर भी जब उसका मन नहीं भरा तो उसने डंडे से युवक को बुरी तरह पीटा।
जब तक हल्ला गुहार पर ग्रामीण मौके पर पहुंचते तब तक आरोपी युवक भाग निकला। घायल युवक की मां निमरा देवी ने बताया कि बेटे को गंभीरावस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर उसका उपचार कर रहे थे लेकिन उसे बचा नहीं सके।
गुरुवार की रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष सतीश यादव ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर पर आरोपी युवक सूर्यप्रकाश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच में प्रथमदृष्टया मामला लेन-देन से जुड़ा प्रकाश में आया है। मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।