लूटपाट व गुंडा टैक्स मांगने का एक आरोपी गुरुवार को कचहरी परिसर से पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। पुलिस उसे गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश करने ले गई थी, जहां से मौका पाकर वो भाग गया।
मामले में आरोपी के साथ ही एक पीआरडी जवान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। नगर कोतवाली के ककरही बाजार क्षेत्र में एक समाचार पत्र के कार्यालय में 26 अक्तूबर की शाम मारपीट हुई थी।
कार्यालय के कर्मी श्रीकांत मौर्या ने बीकापुर के तेंदुआ माफी निवासी अजय कुमार यादव समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
आरोप लगाया था कि गुंडा टैक्स की मांग को लेकर अजय तथा उसके साथियों ने कार्यालय पर हमला बोल दिया और मारपीट की तथा सामान व नगदी लूट ले गए थे।
पुलिसकर्मी अजय को गिरफ्तार करके गुरुवार को कोर्ट में पेश करने ले गए थे। मगर कचहरी परिसर से अजय फरार हो गया। पुलिस ने उसे काफी तलाशा मगर कुछ पता नहीं चला।
इसके बाद चौकी प्रभारी चौक पतिराम यादव ने फरार आरोपी अजय कुमार तथा उसको अदालत ले जाने वाले पीआरडी जवान राम नेवाज यादव के खिलाफ नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
जिस वक्त आरोपी हिरासत से भागा वहां पुलिसकर्मी मौजूद थे मगर सिर्फ पीआरडी जवान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसे ही बलि का बकरा बना दिया गया। कोतवाल ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।