दो बच्चे घायल, एक मवेशी मरा
मवई (फैजाबाद)। मवई ब्लॉक क्षेत्र में रविवार दिन रात हुई भारी बारिश से कई जगह पर दीवार और सड़क पर पेड़ के गिरने से आवागमन बाधित रहा। वहीं, दीवार गिरने से सुल्तानपुर गांव में दो बच्चे घायल हो गए और कोटवा गांव में एक मवेशी मर गया।
मवई ब्लाक क्षेत्र के कोटवा गांव में रविवार दिन रात हुई बारिश से चेतराम के घर की दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। इससे मलबे के नीचे दबकर चेतराम की एक गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक भैंस घायल हो गई।
दूसरी ओर सुल्तानपुर गांव में वीरेंद्र प्रसाद के कच्चे मकान की दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर उनका 10 वर्षीय पुत्र राहुल और 12 वर्षीय पुत्री रिंकी घायल हो गई। ग्रामीणों की मदद से घायल को मिट्टी से बाहर निकाला गया।
सूचना पर पहुंचे एंबुलेंस के ईएमटी नीलेश कुमार ने बताया कि पहले घायलों को मवई सीएचसी लेकर जाया जा रहा था लेकिन रास्ते मे चकपुरवा के निकट पेड़ गिरा होने के चलते बाराबंकी के बनीकोडर सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
वही लोध पुरवा मजरे मखदूमपुर में सुभाषचंद्र यादव के मकान की छत गिर गई, जिसमें लोग बाल-बाल बच गए। एसडीएम गिरजेश चौधरी ने बताया कि दीवार गिरने की सूचना मिली है, मौके पर हल्का लेखपाल को भेजकर नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है।