दंपती को लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
बहादुरगंज (फैजाबाद)। दो माह पूर्व दंपती से हुई लूटपाट की घटना का खुलासा करते हुए कुमारगंज पुलिस ने अमित यादव निवासी मठिया, धमथुआ थाना कुमारगंज व अंकित यादव निवासी कुरावन थाना खंडासा को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। घटना का मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस पकड़ से दूर है। रामदासपुर मझौली बीकापुर निवासी दुर्गेश सिंह 28 अप्रैल को पत्नी के साथ बाइक से मां कामाख्या भवानी के दर्शन कर लौट रहे थे। कुमारगंज में इटौंजा गांव बेतवा नाला पुल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे 1200 रुपये व उसकी पत्नी से गहने लूट लिए थे।
कुमारगंज थाना प्रभारी नीरज राय ने बताया कि मंगलवार शाम भुक्तभोगी दुर्गेश ने आरोपियों को बहादुरगंज चौराहे की ओर जाने की सूचना दी। इस पर पुलिस टीम ने पीछा करके बिरौली झाम के पास आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।