जांच करने गए ड्रग निरीक्षक पर हमला, सिर फटा
अयोध्या। नगर कोतवाली अंतर्गत मोदहा इलाके में स्थित एक मेडिकल स्टोर की जांच करने गए ड्रग निरीक्षक पर मंगलवार शाम हमला बोल दिया गया। हमले में ड्रग निरीक्षक का सिर फट गया।
सूचना पर पुलिस पहुंची तो हमलावर फरार मिले। तलाश में छापेमारी की जा रही है। कोतवाल का कहना कि मेडिकल परीक्षण व तहरीर के बाद केस दर्ज किया जाएगा।
मोदहा स्थित रुचि मेडिकल स्टोर पर मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे ड्रग निरीक्षक पीसी रस्तोगी जांच करने पहुंचे। बताते हैं कि दुकान मालिक सुनील तिवारी ने विरोध किया तो कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। ड्रग निरीक्षक का आरोप है कि शिकायत पर दुकान की जांच करने गए थे। दुकान पर स्टॉक रजिस्टर आदि मांगने पर दुकान मालिक सुनील तिवारी व उसके छोटे भाई अनीश तिवारी भड़क गए।
गाली गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों ने लोहे की किसी वस्तु से उनके सिर पर वार कर दिया। सिर फटने से वे लहूलुहान हो गए।
वहीं, दुकान मालिक सुनील का कहना है कि ड्रग निरीक्षक एक लड़के के साथ उनकी दुकान पर आए और उन्हें धमकाते हुए रुपये की मांग की। मना करने पर मारपीट करने लगे।
मौके पर पहुंचे नगर कोतवाल अमर सिंह ने बताया कि सूचना पर जब वो पहुंचे तो दुकान मालिक दुकान बंद करके फरार हो गया था। घटना में ड्रग निरीक्षक को चोट आई है। उन्हें मेडिकल के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।