रामनगरी में अतिक्रमण पर गिरी गाज
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में अतिक्रमण हटाने का महाअभियान बुधवार को भी जारी रहा। नयाघाट बंधा तिराहे से साकेत पेट्रोल पंप तक दोनों पटरियों पर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी लगाकर ढहा दिया गया। नयाघाट पर बनी झुग्गी-झोपड़ियां इस अभियान की चपेट में आई। झोपड़ियों में रह रहे लोगों के चेहरे पर आशियाना उजड़ने का दर्द साफ दिख रहा था। उन्होंने विरोध भी दर्ज कराया लेकिन टीम ने कोर्ट के आदेश का हवाला देकर उन्हें शांत करा दिया।
अयोध्या नगर निगम को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाने के महाअभियान के क्रम में बुधवार को रामनगरी में अतिक्रमण हटाओ अभियान टीम द्वारा आरएम अयोध्या अशोक कुमार के निर्देशन में नयाघाट बंधा तिराहे से साकेत पेट्रोल पंप तक अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कई चाय और पान की गुमटियां हटाई गईं तो कुछ दुकानें भी ढहा दी गई। सड़क के दोनों तरफ बनी झुग्गी-झोपड़ियां भी धराशायी कर दी गई। कई स्थानों पर नाली पर किए गए पक्के निर्माण को तोड़ा गया। टीम की कार्रवाई देख कुछ लोगों ने स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटा लिया। आरएम अयोध्या अशोक कुमार ने बताया कि बुधवार को नयाघाट बंधा तिराहे से शुरू हुआ अभियान साकेत पेट्रोल पंप तक चला। नगर को अतिक्रमण मुक्त करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीम में सीओ अयोध्या राजकुमार साव, एसओ राजन्मभूमि राजीव सिंह, नयाघाट प्रभारी अमित मिश्र सहित नगर निगम के कर्मी शामिल रहे।
अभियान के खिलाफ पूर्व मंत्री ने सौंपा ज्ञापन
फैजाबाद। अतिक्रमण अभियान में उजाड़े गये गरीब व छोटे दुकानदारों को बसाने और होने वाली समस्याओं से निजात दिलाने के लिये पूर्व राज्यमंत्री तेजनारायण पांडेय की अगुवाई में सपा के एक प्रतिनिधि मंडल ने व्यापारियों के साथ जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार पाठक को बुधवार को सात सूत्री ज्ञापन सौंपा। पूर्व मंत्री ने जिलाधिकारी से कहा कि अयोध्या के रानोपाली, टेढ़ी बाजार चौराहा, श्रीराम अस्पताल के पास, नयाघाट आदि क्षेत्रों में स्थायी दुकानदारों को भी उजाड़ा गया है। इनको फिर बसाने की व्यवस्था जल्द की जाए। गरीब व छोटे दुकानदारों को वेडिंग जोन बनाकर बसाया जाए। इस मौके पर सपा प्रवक्ता ओमप्रकाश ओमी, महानगर अध्यक्ष मो. कमर राईन, केके गुप्ता, मनोज जायसवाल आदि मौजूद रहे।