फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन गाडि़यों से 3.93 लाख नकदी बरामद

Thu, 12 Jan 2017 11:14 PM IST
फैजाबाद
विज्ञापन
गुरुवार को पूर्व प्रमुख अम्बेडकर नगर के वाहन से झंडा उतारते पुलिस कर्मी व पूछ ताछ करते सी ओ सदर दीपक कुमार। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जिला प्रशासन की ओर से चल रही सघन तलाशी में गुरुवार को तीन कारों से 3.93 लाख की संदिग्ध नकदी और एक जीप से पांच क्विंटल मांस पकड़ा गया है। इसी दौरान अंबेडकरनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख के वाहन से मिले राइफल व रिवाल्वर को पुलिस ने जब्त कर लिया है। नकदी के मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सूचना मजिस्ट्रेट समेत आयकर विभाग को दी गई है। उधर, मांस बरामदगी में रिपोर्ट दर्ज की गई है।             
विज्ञापन


जिले के रौनाही थानांतर्गत तहसीनपुर टोल प्लाजा पर गुरुवार भोर में सीओ सदर दीपक कुमार की अगुवाई में चेकिंग अभियान के दौरान आजमगढ़ से लखनऊ जा रही बिना नंबर की एक कार से एक लाख 55 हजार रुपये की नई करेंसी पकड़ी गई।

इसी दौरान लखनऊ की ओर जा रही बिना नंबर की जीप से करीब 5 क्विंटल मांस बरामद हुआ। सीओ ने बताया कि बिना नंबर हुंडई कार के मालिक अतरौलिया निवासी आशुतोष मिश्र के पास से मिली नई करेंसी को जब्त कर पुलिस पड़ताल में जुटी है। आयकर विभाग व मजिस्ट्रेट को सूचना दी गई है।
विज्ञापन


नई करेंसी के बारे में आरोपी कोई कागजात नहीं दिखा सके। दूसरी ओर एक बिना नंबर की बोलेरो से करीब 5 क्विंटल मांस बरामद हुआ, इसे हलियापुर से लखनऊ ले जाया जा रहा था। चालक सिराज अहमद निवासी मसौली व साथी मुन्ना निवासी सतरिख नाका बाराबंकी को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसी दौरान जांच में कई वाहनों के शीशे से काली फिल्म हटाई गई। राजनीतिक दलों के झंडे-पोस्टर नोचवाए गए।             

सोहावल प्रतिनिधि के अनुसार रौनाही थाने के प्रभारी राजीव प्रताप ने बताया कि टोल प्लाजा पर जांच के दौरान अंबेडकरनगर सपा के नेता व पूर्व ब्लॉक प्रमुख शेष कुमार वर्मा का लाइसेंसी रायफल व रिवाल्वर भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इसे वे बिना अनुमति साथ लेकर चल रहे थे। इनके वाहन में लगा सपा का झंडा भी उतरवा दिया गया।

मया बाजार प्रतिनिधि के अनुसार गुरुवार की दोपहर महाराजगंज थानाध्यक्ष नीरज राय सिपाहियों के साथ पूरा बाजार में वाहन चेकिंग कर रहे थे, इसी दौरान फैजाबाद की तरफ से अंबेडकरनगर जा रही कार को रोककर तलाशी ली गई तो एक युवक के पास से एक लाख 38 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। कार सवार युवक ने अपना नाम अरुण सिंह निवासी महाराजगंज जिला आजमगढ़ बताया। 

वहीं गोसाईगंज नगर के तेलिया गढ़ निवासी विवेक सोनी अपनी कार से लखनऊ जा रहे थे, पूरा बाजार में वाहन चेकिंग के दौरान इनकी कार से एक लाख रुपये कैश बरामद हुआ पुलिस ने दोनों लोगों के पास से बरामद दो लाख 38 हजार रुपये जब्त करते हुए मामले की सूचना संबंधित मजिस्ट्रेट को दी है।

थानाध्यक्ष नीरज राय ने बताया कि दोनों युवकों ने पकड़े गई नकदी को अपना निजी पैसा बताया है परंतु पर्याप्त सबूत नहीं दे पाने के कारण नकदी जब्त कर अग्रिम कार्यवाही के लिए संबंधित मजिस्ट्रेट व आयकर विभाग को लिखा गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें