हर माह हेल्थ प्रमोशन दिवस का आयोजन
फैजाबाद। आशा कार्यकर्ताओं द्वारा अब हर माह हेल्थ प्रमोशन दिवस का आयोजन किया जाएगा। हर माह की थीम अलग रहेगी। इसके लिए आशा कार्यकर्ता को प्रति हेल्थ प्रमोशन दिवस पर दो सौ रुपये प्रोत्साहन स्वरूप मिलेंगे। यह जानकारी देते हुए अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीबी द्विवेदी ने बताया कि महानिदेशक परिवार कल्याण डॉ. नीना गुप्ता ने इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश जारी किया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की अनुमोदित वार्षिक कार्ययोजना वर्ष 2018-19 में इसके लिए धन की व्यवस्था की गई है। बताया कि हर माह आयोजित होने वाले इन दिवसों के जरिए स्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य कारकों जैसे स्वच्छता, पोषण, जल, साफ सफाई और इनके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में समुदाय को जागरूक किया जाएगा।