एटीएम में पैसा लोड करने वाली कंपनी के चार गिरफ्तार, 23 अगस्त को उड़ाए थे ढाई लाख
फैजाबाद। एटीएम में कैश डालने वाले असिस्टेंट मैनेजर, इंजीनियर, कस्टोडियन व गार्ड आदि ने मिली भगत कर पूरा बाजार के बैंक ऑफ बड़ौदा के एक एटीएम से ढाई लाख रुपये उड़ाने के आरोपी चारों लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
इनके पास से उड़ाई गई रकम में से 50 हजार रुपये समेत पांच मोबाइल, सात एटीएम, दो पैन कार्ड व एक बाइक बरामद हुई है। चोरी की शिकायत 23 अगस्त को बैंक ऑफ बड़ौदा एटीएम संचालन के जोनल मैनेजर प्रियांक गौड़ ने दर्ज कराई थी।
एसपी ग्रामीण संजय कुमार ने बताया कि 23 अगस्त को पूरा बाजार के बैंक ऑफ बड़ौदा के एक एटीएम से ढाई लाख रुपये गायब हो गए थे। मामले में जोनल अधिकारी प्रियांक गौड़ की तहरीर पर अज्ञात लोगों पर केस दर्ज सीओ सदर वीरेंद्र विक्रम के नेतृत्व में महराजगंज थाना प्रभारी राकेश गुप्त की टीम इसकी जांच कर रही थी।
बताया कि बैंक द्वारा किसी ग्राहक द्वारा पैसा नहीं निकालने की पुष्टि होने पर सीधा शक एटीएम में पैसा लोड करने वालों पर गया। जांच के बाद 22 अगस्त को उक्त एटीएम में पैसा लोड करने वाली टीम से पूछताछ की गई तो उन्होंने एटीएम में पूरा पैसा डालने की बात कही।
इसके बावजूद पुलिस उनकी गतिविधियों पर नजर रखी हुई थी, लेकिन इसकी भनक लगते ही वो भागने की फिराक में लग गए। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार सुबह सिलोनी मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों से सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना अपराध कबूल कर लिया। आरोपियों में एटीएम में पैसा डालने वाली कंपनी का इंजीनियर प्रेम नारायन मिश्र निवासी तारुन फैजाबाद, गार्ड अजय यादव निवासी रामपुर पुवारी गोसाईगंज, असिस्टेंट मैनेजर रामबचन शुक्ला निवासी भीटी अंबेडकरनगर व कस्टोडियन नागेश्वर पांडेय निवासी हैदरगंज फैजाबाद शामिल हैं।
इनके पास से एक बाइक समेत चोरी किए गए 50 हजार रुपये, पांच मोबाइल फोन, सात एटीएम कार्ड, दो पैन कार्ड बरामद हुए है। एटीएम में पैसा लोड करने वाली एएफएस सर्विसेस नोएडा की कंपनी में इंजीनियर आरोपी प्रेम नारायन मिश्र ने बताया कि हम लोगों ने बिना फीडिंग किए ही एटीएम में पैसा डाला था। एसपी ने बताया केस हल कर आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम को एसएसपी ने पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।