मिट्टी में दबा मिला लापता श्रमिक का शव
फैजाबाद। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के शांतिपुर गांव स्थित ईट भट्ठे के पास बुधवार सुबह मिट्टी में दबी लाश की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मिट्टी की खोदाई की तो उसमें से 12 दिन से गायब भट्ठे के मजदूर की लाश मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शांतिपुर गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे पर बिहार के जिला नेवादा के गांव पटेड निवासी 45 वर्षीय रामविलास मजदूरी करता था। 12 दिन पहले करीब 16 फरवरी को वह अचानक गायब हो गया था। उसके साथियों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन पुलिस को सूचना नहीं दी। बुधवार सुबह करीब 10 बजे कुछ ग्रामीणों ने मिट्टी के ऊपर कुत्ते को कुछ नोंचते देखा। ग्रामीण जब नजदीक पहुंचे तो वहां से बदबू आ रही थी। इससे ग्रामीणों को मिट्टी में लाश दबी होने की आशंका हुई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मिट्टी की खोदाई कराई तो उसमें से एक लाश निकली। जिसकी पहचान रामविलास के रूप में हुई। चर्चा है कि रामविलास शराब का आदी भी था। 12 दिन पहले ईट पाथने के लिए मिट्टी गिराई जा रही थी और मिट्टी गिराते समय शराब में नशे में उसके दब गया होगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह का कहना है कि वह मिट्टी के नीचे कैसे दबा इसकी जांच की जा रही है, अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।