पीड़ित किसान ने चार लोगों के खिलाफ दी नामजद तहरीर
बीकापुर (फैजाबाद)। मोतीगंज पुलिस चौकी क्षेत्र में मियागंज तिराहे के निकट शनिवार सुबह एक किसान की कनपटी पर तमंचा सटाकर सरेराह 70 हजार रुपए लूट लिए गए। यह वारदात उस वक्त हुई जब किसान बैंक में रुपए जमा करने गया था। पीड़ित ने मामले में चार आरोपियों की पहचान करते हुए कोतवाली में नामजद तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के नरहरपुर शंकरपुर निवासी अशोक तिवारी किसानी करते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे वह बैंक ऑफ बड़ौदा मोतीगंज बाजार शाखा में साइकिल से 70 हजार रुपए जमा कराने गए थे।
जब वह बैंक पहुंचे तो बैक बंद था जिससे रकम जमा नहीं हो पाई। उसके बाद वह घर वापस लौट रहे थे। तभी मियागंज गांव से पूरब तिराहे पर मियागंज निवासी सैफी, याकूब बेग, रामकेवल गौड़ व रविकांत गौड़ पहले से घात लगाकर बैठे थे।
इसी बीच आरोपियों ने उसे रोका और तमंचा निकालकर कनपटी पर सटा दिया और जेब में रखे 70 हजार रुपए निकाल कर कहा कि चुपचाप चले जाओ नहीं तो जान से मार देंगे। पीड़ित के अनुसार, इसके बाद वह सीधा कोतवाली पहुंचा और घटना की तहरीर दी।
प्रभारी कोतवाल एसएसआई सतीश यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। प्रथमदृष्टया मामला आपसी लेनदेन व मारपीट का प्रतीक हो रहा है। घटना की जांच की जा रही है।