पशु तस्करों की मदद करने के आरोप में तीन सिपाही लाइन हाजिर
अयोध्या। रौनाही थाने के तीन सिपाहियों को पशु तस्करों की मदद करने के आरोप में एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने बृहस्पतिवार को लाइन हाजिर कर दिया है। इन पर पशु तस्करों को लोकेशन देने का आरोप है।
इस मामले की जांच सीओ बीकापुर को सौंपी गई हैं तथा सिपाहियों के गैर जनपद ट्रांसफर के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भी लिखा जा चुका है।
रौनाही थाने में तैनात तीन सिपाहियों विजय सरोज, मुजम्मिल व फैजान अहमद पर पशु तस्करों की मदद की शिकायत एसएसपी को मिलने के बाद उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
सीओ बीकापुर अरविंद चौरसिया ने बताया कि आरोपियों पर पशु तस्करी में लिप्त वाहनों को लोकेशन देने का आरोप है। एसएसपी द्वारा उन्हें मामले की जांच सौंपी गई है। कहा कि मामले की जांच कर रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी जाएगी।
वहीं दूसरी तरफ रौनाही थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने सिपाहियों के पशु तस्करी में सहयोग करने से इंकार करते हुए उनके ट्रांसफर को रूटीन प्रक्रिया बताया।