कोचिंग सेंटर के सामने से दिनदहाड़े बाइक चोरी
सुचितागंज। रौनाही थाना क्षेत्र के सुचितागंज बाजार स्थित एक कोचिंग सेंटर के सामने से दिनदहाड़े एक चोर ने बाइक पर हाथ साफ कर दिया, हालांकि चोरी की करतूत कोचिंग सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस चोर का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
खिरौनी ग्राम सभा के मजरे काली का पुरवा निवासी विकास चंद्र, सुचितागंज बाजार में सोहावल रेलवे स्टेशन के पीछे एक कोचिंग सेंटर चलाता है। कोचिंग का समय सुबह 9 से शाम को 6 बजे तक है, मंगलवार सुबह 9 बजे विकास अपने कोचिंग पर पहुंचे और बाइक बाहर खड़ी कर अपने कार्यों में लग गए। कुछ देर बाद वह जब बाहर गए तो देखा उनकी बाइक गायब थी। अंत में थक हार कर उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखी तो उनके होश उड़ गए, सीसीटीवी फुटेज के अनुसार सुबह 10:30 बजे लगभग 20 वर्षीय युवक बाइक के पास आया और विकास की बाइक के लॉक को मास्टर चाबी से खोल लिया और थोड़ी ही देर में अगल-बगल देखते हुए बाइक लेकर फरार हो गया।