कोतवाली क्षेत्र के गांव धमेई निवासी छात्रा का गांव के दो लोगों ने अपहरण का प्रयास किया। वह घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी। बाइक सवार राहगीर की मदद से किसी तरह शेखूपुर चीनी मिल तक पहुंची छात्रा ने बाद में एसएसपी कार्यालय में पुलिस अफसरों को अवगत कराया। छात्रा के पिता ने गांव के दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर सौंप दी है।
मामला मंगलवार सुबह का है। धमेई निवासी सत्यदेव की 18 वर्षीय बेटी कुंती बदायूं के गिंदोदेवी कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है। कुंती की मानें तो घर से निकलते ही रास्ते में गन्ने के खेत से दो लोग निकले। उनके पास तमंचा था। दोनों ने उसे आवाज देकर रोक लिया। दोनों लोग उसे पकड़ते, उससे पहले ही वह भाग निकली। बाइक सवार राहगीर की मदद से उसने शेखूपुर चीनी मिल पश्हुंचकर राहत की सांस ली। कुंती ने बाद में एसएसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस अफसरों को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। उसने दोनों आरोपियों के नाम भी बता दिए। शाम को कोतवाली पहुंचे कुंती के पिता ने बताया कि जिन लोगों ने उसकी बेटी के अपहरण की नाकाम कोशिश की, वह उससे रंजिश मानते हैं। सत्येदव ने बेटी की ओर से कोतवाली पुलिस को तहरीर भी सौंप दी है। इधर, प्रभारी निरीक्षक संजय गोयल ने बताया- मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। कुंती एसएसपी कार्यालय पहुंची थी, वहीं से उन्हें उसकी शिकायत के बारे में बताया गया है। फिर भी उन्होंने सत्यदेव को बुलवाया है। उसकी बेटी से बात करेंगे। जांच में जो भी सामने आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई होगी लेकिन फिलहाल मामला रंजिश का प्रतीत हो रहा है।