ग्रामीणों ने चोर समझ युवक को मार डाला
शादी करवाने वाली महिला के घर गया था पत्नी को विदा कराने
अमर उजाला ब्यूरो
रुदौली। कोडरे गांव के मजरे ऐहार में शादी कराने वाली एक महिला के घर पत्नी को विदा कराने गए एक युवक की महिला और उसके पति से कहासुनी हो गई। इस पर दंपती ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने चोर समझकर युवक को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। इसी बीच महिला के पति के हाथ में हथगोला फट गया। जिससे वह घायल हो गया। दोनों को सीएचसी लाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि महिला के पति का इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
कोतवाली रुदौली क्षेत्र के कोडरे गांव के मजरे ऐहार का रहने वाले मस्तराम व पत्नी लक्खी ने बिहार की रहने वाली रुपाली की शादी थाना मवई क्षेत्र के नौरोजपुर बघेडी गांव के रहने वाले भारत से चार माह पहले कराई थी। शादी में विदा होकर रुपाली भारत के घर गई। मगर 15 दिनों बाद ही मस्तराम के घर चली गई। इसके बाद भारत पत्नी को लाने कई बार मस्तराम के घर गया। मगर उसने आने से इन्कार कर दिया। बीते शुक्रवार को भारत रुपाली को लाने के लिए मस्तराम के घर गया था। वहां मस्तराम और लक्खी से उसकी कहासुनी हो गई। साजिशन मस्तराम ने चोर-चोर का शोर मचा दिया। शोर सुनकर लाठी-डंडा लेकर दौड़े ग्रामीणों ने भारत (33) को पीट-पीठटकर मरणासन्न कर दिया। इसी बीच मस्तराम के हाथ में हथगोला फट गया, जिससे उसके दाहिन हाथ का पंजा जख्मी हो गया। पुलिस ने दोनों को सीएचसी रुदौली पहुंचाया। जहां से जिला अस्ताल रेफर कर दिया गया। वहां भारत ने दम तोड़ दिया।
कोतवाल रुदौली जयवीर सिंह ने बताया कि पत्नी को विदा कराने को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। सूचना पर पहुंचे एसपी ग्रामीण डॉ. कृष्ण गोपाल ने बताया अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
शादी कराने के लिए मांगती थी रुपये
कोडरे गांव के मजरे ऐहार का रहने वाले मस्तराम की पत्नी लक्खी बिहार की रहने वाली है। लक्खी बिहार की युवतियों की यहां शादी कराने के लिए लोगों से रुपये की डिमांड करती थी। उसने भातर से रुपाली की विदाई कराने को दस हजार रुपये की मांग की थी। वह रुपए देने को तैयार नहीं हुआ। इसी को लेकर हुए विवाद में भारत को जान गंवानी पड़ी।