रामजन्मभूमि अधिग्रहीत क्षेत्र में दरोगा ने काटा हंगामा
अयोध्या। अयोध्या के अधिग्रहीत क्षेत्र स्थित क्रॉसिग-2 पर शराब के नशे में धुत एक दरोगा ने जमकर हंगामा काटा। मोटर साइकिल लेकर विवादित परिसर में घुसने की जिद पर अड़ा रहा। सुरक्षाकर्मियों ने दरोगा को रामजन्मभूमि थाने पहुंचा दिया। जहां दरोगा का मेडिकल कराकर घटना की सूचना उच्चाधिकारियेां को दी गई। दरोगा गैर जनपद में तैनात हैं और वर्तमान में रामजन्मभूमि की सुरक्षा में ड्यूटी कर रहा है।
घटना रविवार की बताई जा रही है। रविवार को रामलला के दर्शन के दौरान दूसरी पाली में लगभग 5.30 बजे रामजन्मभूमि सुरक्षा ड्यूटी कर रहे सुल्तानपुर के जयसिंहपुर थाने में तैनात दरोगा कृष्ण प्रताप सिंह शराब के नशे में धुत होकर अपनी मोटरसाइकिल से क्रॉसिंग-2 बैरियर तक पहुंच गया और परिसर में घुसने की जिद करने लगा। जिस पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोका। शराब के नशे में होने की जानकारी मिली तो थाना रामजन्मभूमि पुलिस के हवाले कर दिया गया। सीओ अयोध्या राजकुमार साव ने बताया कि दरोगा का मेडिकल कराया गया है। शराब पीने की पुष्टि होने पर दरोगा का चालान कर दिया गया है। विभागीय कार्रवाई के लिए सुल्तानपुर एसपी को सूचना भेजी गई है।