जिले में 60 मिमी. हुई बारिश
फैजाबाद। जिले में गुरुवार को दूसरे दिन भी दोपहर बाद अलग-अलग इलाकों में मध्यम से तेज वर्षा होने से मौसम का मिजाज खुशनुमा हो गया। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटे में तेज वर्षा की संभावना जताई है। बृहस्पतिवार को जिले में करीब 60 मिमी. बरसात रिकॉर्ड की गई है। पिछले सप्ताह लोग सूरज की तपिश और उमस भरी गर्मी से बेहाल थे। दिन भर तेज धूप होने से रात गुजारना मुश्किल हो गया था। लेकिन दो दिन से मौसम ने करवट बदली है। बुधवार को भी दोपहर बाद रुदौली, सोहावल, तारुन, अमानीगंज व अन्य इलाकों में अच्छी बरसात हुई। यह सिलसिला बृृहस्पतिवार को जारी रहा। दोपहर बाद ही शहर से लेकर देहात तक अलग-अलग क्षेत्रों में मध्यम से तेज वर्षा हुई। शहर की अधिकांश गलियां भी जलमग्न हो गईं। इस बीच तापमान भी कम होने से लोगों ने खासी राहत महसूस की। नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि जिले में बृहस्पतिवार को 60 मिमी. और दो दिनों में औसतन 62 मिमी. बरसात दर्ज की गई। अगले चौबीस घंटे में जिले भर में तेज वर्षा की संभावना है।