अयोध्या। शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में कक्षा छह के छात्र को उसके साथियों ने मंगलवार को इस कदर बेरहमी से पीट दिया कि वो बेहोश हो गया। स्कूल प्रबंधन ने छात्र का प्राथमिक उपचार कर उसे घर भेज दिया। मगर घर पहुंचते ही छात्र की हालत बिगड़ गई। इस पर परिवारीजन उसे अस्पताल ले गए जहां इलाज के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ। छात्र के परिवारीजन ने नगर कोतवाली में स्कूल के प्रधानाचार्य व अज्ञात छात्रों पर केस दर्ज कराया है। आरोप है कि इस मामले में स्कूल प्रशासन ने लापरवाही बरती है।
अयोध्या के स्वर्गद्वार मोहल्ला निवासी श्यामाचरन मिश्र ने बताया कि, उनका पुत्र कौशलेंद्र मिश्र शहर के अनिल सरस्वती विद्या मंदिर में कक्षा छह का छात्र है। शुक्रवार को उसने अपने अध्यापक से एक सवाल पूछा। अध्यापक जवाब देकर जैसे ही क्लास से बाहर निकले कुछ छात्रों ने कौशलेंद्र पर गलत सवाल पूछने का आरोप लगाकर उसे पीटना शुरू कर दिया। इससे वह बेहोश हो गया। बाद में स्कूल प्रशासन ने उसे ग्लूकोज पिलाकर घर भेज दिया। घर आने पर कौशलेंद्र की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। इस पर परिवारीजनों ने उसे श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के बाद उसकी हालत अब सामान्य है। आरोप है कि मामले में स्कूल प्रशासन से बात करने पर प्रधानाचार्य ने गैरजिम्मेदार तरीके से जवाब दिया। वहीं, कौशलेंद्र का कहना है कि दो तीन पहले भी कुछ छात्रों ने उसे पीटा था, जिसकी शिकायत उसने टीचर से की थी। कौशलेंद्र के पिता ने नगर कोतवाली में अज्ञात छात्रों के खिलाफ मारपीट व प्रधानाचार्य रामबुझारत मिश्र के खिलाफ धमकाने का केस दर्ज कराया है।
इस बारे में स्कूल के प्रधानाचार्य रामबुझारत मिश्र का कहना है कि, बच्चा आपस में खेलते समय गिरने से घायल हुआ था। प्राथमिक उपचार कराने के बाद अध्यापकों ने स्वयं घर ले जाकर उसे छोड़ा था। उनका कहना है कि, उन्हें बच्चे ने बताया था कि वह सर्दी में कभी-कभी अर्द्ध मूर्छित हो जाता है, उसे किसी ने पीटा नहीं है। वहीं, मामले में एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया का कहना है कि बच्चे के पिता की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है, मामले की जांच की जा रही है।