हादसों में सीआरपीएफ जवान सहित दो की मौत, चार घायल
ट्रक की भिड़ंत से टुकड़ों में बंटी जीप
अमर उजाला ब्यूरो
मसौधा (फैजाबाद)। जिला मुख्यालय से नौ किलोमीटर दूर फैजाबाद-इलाहाबाद हाईवे पर मसौधा बाजार के निकट शुक्रवार रात ट्रक की भिड़ंत में टाटा सूमो के चीथड़े उड़ गए और गाड़ी दो टुकड़ों में बंट गई। वाहनों की तेज रफ्तार के चलते हुई इस दुर्घटना में सूमो में सवार कुशीनगर निवासी सीआरपीएफ जवान शहजाद अंसारी (52) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रतापगढ़ निवासी सूमो चालक दिलीप कुमार सरोज (19) घायल हो गया है।
सीआरपीएफ का जवान शहजाद अंसारी जो कि दिल्ली में तैनात है, वह इलाहाबाद से एक पुरानी जीप खरीद कर अपने घर कुशीनगर जा रहा था। रात करीब 11 बजे इलाहाबाद-फैजाबाद हाईवे पर मसौधा ब्लॉक के निकट एक तेज रफ्तार ट्रक ने जीप को जोरदार टक्कर मार दी, इसमें जीप दो टुकड़ों में बट गई। हादसे में सीआरपीएफ जवान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गाड़ी चला रहा दिलीप कुमार मामूली रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पूराकलंदर पुलिस ने घायल चालक को जिला अस्पताल भेजवाया है तथा मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी पूराकलंदर जगदीश उपाध्याय ने बताया कि ट्रक चालक ट्रक लेकर भाग गया। दुर्घटनाग्रस्त सूमो को पुलिस ने कब्जे में लिया है।
ट्रेलर व ट्रक की टक्कर में चालक की सांसें थमीं
अयोध्या। कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के बाईपास इलाके में गोरखपुर-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह बालूघाट के समीप एक ट्रक और ट्रेलर की भीषण भिड़ंत हो गयी, इसमें ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि तीन अन्य बुरी तरह से घायल हो गए। गिट्टी से लदा ट्रक तेज गति से गोरखपुर से फैजाबाद की ओर आ रहा था, इसी बीच अयोध्या के बाईपास इलाके में जय फिलिंग स्टेशन के समीप विपरीत दिशा से गलत लेन पर आ रहे ट्रेलर से उसकी भिड़ंत हो गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए, हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि तीन अन्य घायल हो गए। अयोध्या पुलिस ने घायलाें को जिला चिकित्सालय भेजवाया। कोतवाली प्रभारी अरविंद पांडेय ने बताया कि मृतक ट्रक चालक की पहचान गुरुदेव सिंह पुत्र करनाल सिंह (40) निवासी अमृतसर के रूप में हुई है।