विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप, केस दर्ज
बीकापुर। दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने, दुराचार एवं जान से मारने का प्रयास करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। पीड़िता की तहरीर पर पति, सास-ससुर के खिलाफ हत्या का प्रयास, मारने-पीटने, छेड़खानी व दहेज एक्ट में मामला दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र के पुहंपी निवासी अनीता देवी पुत्री रामसूरत मिश्र ने पुलिस की दी शिकायत में बताया है कि उसकी शादी इनायतनगर थाना क्षेत्र के चमैला निवासी आनंद मोहन उपाध्याय के साथ हुई है। विवाह में उसके पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष द्वारा कार, 1 लाख रुपये व सोने की जंजीर की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। ससुराल पक्ष के भय से वह कुछ समय पहले अपने मायके चली आई। 24 अक्तूबर को उसके ससुर मायके आए और समझा-बुझाकर ले गए। लेकिन 28 अक्तूबर को दहेज की मांग को लेकर ससुर ने उसके गले में रस्सी डालकर मारने व दुराचार का प्रयास किया। किसी तरह बचकर वह अपने मायके पहुंच गई। एसएसआई प्रेमपाल सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।