करंट लगने से युवक की मौत, एक घायल
मवई (फैजाबाद)। मवई के रामपुरजनक गांव में एक परिवार में गृह प्रवेश की खुशियां मातम में तब बदल गई जब गृह प्रवेश से पहले ही बिजली का करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
रामपुरजनक निवासी 40 वर्षीय हरिशंकर मिश्र ने गांव में नया घर बनवाया था। सोमवार को गृह प्रवेश की तैयारियां जोरों पर थी। मृतक के छोटे भाई जन्नू मिश्र ने बताया कि रविवार को रामचरित मानस पाठ के बाद सोमवार को गृह प्रवेश और मांगलिक कार्यक्रम का निमंत्रण भी वितरित हो चुका था।
शुक्रवार शाम करीब 7 बजे नए घर के पास रखी निर्माण सामग्री को हटाने के साथ ही साफ -सफाई की जा रही थी। वहीं पड़ी एक लोहे की सरिया को गांव के ही लल्ला मिश्र के साथ मिलकर उनके बड़े भाई हरिशंकर मिश्र सीधा कर रहे थे कि इस दौरान सरिया का सिरा घर के सामने ऊपर से गुजर रही 11000 वोल्ट के बिजली के तार से छू गया।
तेज करंट लगने से हरिशंकर की हालत मौके पर ही बिगड़ गई जबकि लल्ला भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। परिवारीजन घायलों को बाबा बाजार स्थित एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, मगर हालत गंभीर देखकर डॉक्टर ने तुरंत सीएचसी रुदौली ले जाने को कहा।
लेकिन परिवारीजन हरिशंकर को आकांक्षा हास्पिटल भिटरिया बाराबंकी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं एक अन्य घायल का इलाज चल रहा है।
एक सप्ताह पहले ही आया था घर
ग्रामीणों ने बताया कि हरिशंकर नया घर बनने के बाद एक सप्ताह पहले ही चंडीगढ़ से वापस घर आए थे। उनकी मौत के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। लोगों ने बताया कि हरिशंकर अपने पीछे चार लड़कियों को छोड़ गए हैं। कोतवाल अमर सिंह ने बताया कि बिजली के करंट से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी, शव को पोस्टमार्टम कराया है।