सरगना समेत तीन गिरफ्तार, चार घटनाओं का खुलासा
फैजाबाद। एटीएम कार्ड बदलकर रकम निकालने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जौनपुर के रहने वाले इन तीनों बदमाशों के पास से पुलिस ने 10 एटीएम कार्ड, 15 हजार रुपए व बिना नंबर की एक बाइक बरामद की है। आरोपियों ने फैजाबाद में एटीएम कार्ड बदलकर रुपए निकालने की चार घटनाएं कबूल की हैं।
एसएसपी सुभाष सिंह बघेल ने बृहस्पतिवार को बताया कि एटीएम कार्ड बदलकर रकम निकाल लेने की शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए सीओ सिटी विक्रांत वीर के नेतृत्व में स्वाट टीम व सर्विलांस सेल व कई चौकी प्रभारियों की एक टीम बनाई गई थी। इस टीम ने बुधवार की शाम तीन बदमाशों को पुलिस लाइन तिराहे से गिरफ्तार किया।
इनकी की पहचान राजीव कुमार निवासी लपरी थाना सरायख्वाजा जौनपुर, राजू यादव निवासी सरायख्वाजा जौनपुर व दीपक कुमार निवासी खमीरा थाना सरायख्वाजा जौनपुर के रूप में हुई। इनके पास से 10 एटीएम कार्ड व एटीएम बदलकर निकाले गए 15 हजार रुपए व एक बिना नंबर की बाइक बरामद हुई है।
आसपास के जनपदों में सक्रिय था ये गिरोह
एसएसपी के अनुसार, ये एक संगठित गिरोह है, इसका सरगना राजीव कुमार है जोे बड़ी चालाकी से एटीएम कार्ड बदलकर रुपए निकाल लेने की घटना को अंजाम देता था। इस गिरोह ने फैजाबाद समेत सुलतानपुर, जौनपुर, आजमगढ़ व वाराणसी में भी कई वारदातों को अंजाम दिया है।
उनके अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे बाइक से एटीएम बूथ के इर्दगिर्द रहते थे और मौका मिलते ही चालाकी से एटीएम कार्ड बदलकर कोड हासिल कर बाद में पैसे निकाल लेते थे। उन्होंने फैजाबाद में 16 जून को चौक स्थित यूनियन बैंक पर एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर छह हजार रुपए और मार्च व मई माह में रिकाबगंज, नाका व गोसाईगंज में तीन वारदातों को अंजाम दिया है।