चोरी की 11 बाइक बरामद के साथ पकड़े गए दो बदमाश
- फोटो : अमर उजाला
खंडासा पुलिस ने शुक्रवार रात गश्त के दौरान अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की 11 बाइक बरामद की हैं जो फैजाबाद व पड़ोसी जिले सुल्तानपुर से चुराई गई थीं। मौके से एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
भागा बदमाश गैंग का सरगना बताया जाता है। जिसकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए टीम भेज दी गई है। खंडासा थानाध्यक्ष रामस्वरूप कमल ने बताया कि शुक्रवार की रात पुलिसकर्मी वांछित अभियुक्तों की तलाश में अमानीगंज से रामनगर की ओर जा रहे थे।
सूचना मिली कि तीन संदिग्ध युवक बाइक से अमानीगंज की ओर आ रहे हैं। ओरवा डबल नहर की पुलिया के पास तीन अलग अलग बाइकों पर सवार युवकों को रोककर गाड़ी के पेपर मांगे गए तो युवक भागने लगे। इस पर पुलिस ने आशीष शुक्ल निवासी ग्राम ककरही थाना जगदीशपुर जिला अमेठी और संतलाल मौर्या निवासी ग्राम पश्चिम गांव थाना जगदीशपुर जिला अमेठी को दौड़ाकर पकड़ लिया।
तीसरा साथी बाइक छोड़ अंधेरे का फायदा उठा भाग गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार आरोपी अंतर्राज्यीय गैंग का सरगना विक्रम सिंह उर्फ लाल साहब उर्फ ठाकुर है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर भेजी गई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आशीष की निशानदेही पर उसकी रानीगंज बाजार स्थित दुकान से आठ चोरी की बाइक बरामद की गई है।
आशीष इस दुकान से ही बाइकों की खरीद-फरोख्त का काम करता था। बरामद सभी 11 बाइक फैजाबाद व सुल्तानपुर से चुराई गई थीं। वाहन चोर वाहनो के चेसिस व इंजन नंबर बदल कर दूसरे जिलों में बेच दिया करते थे। शनिवार को गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया।