मिल्कीपुर। क्वारंटीन सेंटर में प्रधान पुत्र द्वारा शराब व मुर्गे की दावत देना महंगा पड़ गया। कुमारगंज थाने में चौधरीपुर के ग्राम प्रधान व उनके दो पुत्रों तथा चौकीदार सहित 15 लोगों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विदित हो कि कुमारगंज थाना क्षेत्र के ग्रामसभा चौधरीपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बुधवार की रात क्वारंटीन में रखे गए 15 लोगों को शराब व मुर्गा परोसा गया था। इसका वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया था।
लॉक डाउन की घोषणा के बाद ग्राम चौधरीपुर के 15 लोग दिल्ली से आए थे। जिन्हें गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौधरीपुर में गांव के ही चौकीदार अनिल कुमार की निगरानी में रहने का निर्देश दिया गया था। क्वारंटीन किए गए जय कुमार मिश्र ने बताया कि बीते बुधवार की रात गांव के प्रधान पुत्र धर्मेंद्र यादव द्वारा अपने कुछ चहेतों को गांव में बनने वाली देसी शराब व मुर्गा परोसा गया। जिसका विरोध भी कुछ लोगों ने किया। इसी बीच जय कुमार व नन्हे राम के बीच हाथापाई शुरू हो गई। मौजूद चौकीदार बीच बचाव करता रहा। विवाद बढ़ता देख चौकीदार ने पुलिस को मोबाइल से सूचित किया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उच्च अधिकारियों को सूचित करते हुए घटना की जानकारी थानाध्यक्ष कुमारगंज अजय कुमार सिंह को दी। मौके पर पहुंचे एसओ कुमारगंज ने शराब पीकर उत्पात मचाने वाले लोगों की जमकर खबर ली। वहीं, शनिवार को अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने अमानीगंज बीडीओ व तहसील के अधिकारियों से जांच करवाने के बाद 15 लोगों पर एफआईआर दर्ज किया गया।
इसमें ग्राम चौधरीपुर के प्रधान अमरनाथ यादव व उनके दो पुत्र धर्मेंद्र और जितेंद्र के साथ ही राम अवतार यादव, रविंद्र पाल, हरकेश, राम धीरज, नन्हे, जय कुमार, विजय कुमार, रामप्रसाद, त्रिभुवन, वीरेंद्र कुमार, राजित राम व गांव के चौकीदार अनिल कुमार आदि शामिल हैं। सीओ मिल्कीपुर आरके राय ने बताया कि जांच में क्वारंटीन सेंटर में शराब व नॉनवेज परोसने की बात सही पाई गई।