अयोध्या। अहमदाबाद में जिसे कुंवारा समझकर महीनों साथ रही उससे मिलने का अरमान लेकर अयोध्या पहुंची एक युवती को करारा झटका लगा। जिस युवक के साथ जीने-मरने की कसमें खाईं वह तीन बच्चों का बाप निकला।
मूल रूप से इंदौर की रहने वाली एक युवती अहमदाबाद की एक कंपनी के प्रबंधन विभाग में नौकरी करती है। वहीं पर अयोध्या में नया घाट निवासी एक युवक भी नौकरी करता था। युवक खुद को अविवाहित बताता था। युवक और युवती लिवइन रिलेशनशिप में रहने लगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शुक्रवार की सुबह यह कहानी बताते हुए युवती फूट-फूट कर रो पड़ी।
उसने सीओ सदर डॉ. राजेश तिवारी को बताया कि प्रेमी के पिता बीमार हो गए थे, इसलिए वह कई महीनों पहले चला आया और उसके बाद से उसका फोन स्विच ऑफ था। युवती ने प्रेमी के दिल्ली में रहने वाले दोस्त से उसके घर का पता लिया और यहां उससे मिलने चली आई।
सीओ ने उसे कोतवाली अयोध्या भेजा जहां युवती ने कोतवाली प्रभारी को सारी दास्तान सुनाई। कोतवाली प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि युवती को प्रेमी से मिला दिया गया है। दोनों में समझौता हो गया है, वह वापस अहमदाबाद लौट गई है।