अयोध्या। नगर कोतवाली क्षेत्र के कौशलपुरी कॉलोनी में किराए के मकान पर रहने वाले अवर अभियंता की गाड़ी दबंगों ने तोड़ डाली। साथ ही अवर अभियंता के मकान मालिक की जमकर पिटाई भी की।
दबंग मकान मालिक की तब तक पिटाई करते रहे जब तक उसने यह नहीं बता दिया कि वो मकान मालिक है और नगर निगम में कार्य करने वाले अवर अभियंता घर पर नहीं हैं। मामले की तहरीर अवर अभियंता की ओर से पुलिस को दी गई है। कैंट कोतवाल विनोद बाबू मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
नगर निगम में विनोद पटेल अवर अभियंता के पद पर तैनात हैं। वह अपने एक मित्र के साथ कौशलपुर कॉलोनी फेज टू में रोहित सिंह के घर पर किराए के मकान में रहते हैं।
अवर अभियंता ने अपनी तहरीर में बताया है कि बुधवार को दोपहर के समय उनके मोबाइल पर मकान मालिक रोहित सिंह का फोन आया कि कुछ लोग उनकी कार को तोड़ रहे हैं, साथ ही उनके साथ मारपीट भी कर रहे हैं।
जब मौके पर अवर अभियंता पहुंचे तो गाड़ी पूरी तरह से टूट चुकी थी, साथ दबंग कौशलपुरी निवासी श्यामलाल, अतुल व अश्वनी समेत चार अन्य लोगों ने मकान मालिक को मार कर जख्मी भी कर दिया था।
अवर अभियंता ने बताया है कि दबंगों ने उनके मकान मालिक को तब तक मारा जब तक उन्होंने यह नहीं बता दिया कि वह नगर निगम के अवर अभियंता नहीं हैं, बल्कि मकान मालिक हैं। अवर अभियंता ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को लिखित रूप में दी है। पुलिस ने मामले में श्यामलाल, अतुल व अश्वनी समेत अन्य लोगों के विरूद्घ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में तफ्तीश की जा रही है।
पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट हैं अवर अभियंता
अवर अभियंता विनोद पटेल का आरोप है कि पुलिस ने प्राथमिकी तो दर्ज कर ली है मगर 24 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई सही कार्रवाई नहीं की है। वह बताते हैँ कि कोई पुलिस के अधिकारी अशोक कुमार विवेचना में आए थे वह आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय गाड़ी टूटने का मुआवजा दिलाने की बात कर रहे थे। उन्होंने बताया है कि कल मामले में महापौर ऋषिकेश उपाध्याय व नगर आयुक्त विशाल सिंह से मिलकर न्याय दिलवाए जाने की मांग करेंगें।