बीकापुर। क्रिकेट खेलने के विवाद में एक पक्ष के लोगों ने शनिवार दोपहर गुलेल से दूसरे पक्ष के युवक पर हमला कर घायल कर दिया। उसके बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
मामला कोतवाली क्षेत्र के सराय भनौली गांव का है। बताया गया कि गांव के समीप ग्राउंड में छह दिसंबर से क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होना है जिसके लिए प्रैक्टिस चल रही है।
बताया गया कि शनिवार दोपहर अभ्यास मैच के दौरान ओवर समाप्त होने के विवाद को लेकर गांव के निवासी एक गैर समुदाय के युवक से पीड़ित युवक विकास पुत्र मुरली गुप्ता के ऊपर दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा गुलेल से मारकर जख्मी कर दिया गया। विवाद की स्थिति पैदा हो गई।
सूचना मिलने के बाद मौके पर कोतवाली पुलिस टीम के साथ एसएसआई वीर सिंह और पीआरबी पुलिस की दो गाड़ियां पहुंच गई और समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में किया गया। इलाज के लिए उसे सीएचसी लाया गया।
कोतवाली प्रभारी एसएसआई वीर सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की गई। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हमले में विपक्षी अब्दुल्ला पुत्र मोहम्मद तुफैल निवासी सराय भनौली का नाम प्रकाश में आया है। उसकी तलाश की जा रही है।