बड़ागांव। रौनाही थाना क्षेत्र के एक गांव में पति से विवाद के चलते पत्नी ने केरोसिन डालकर आग लगा ली। पीआरवी पुलिस ने झुलसी महिला को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां पर गंभीर हालत देख उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मामला पिलखावा गांव का है।
गुरुवार सुबह सोना देवी का अपने पति राजकुमार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि सोना देवी ने घर में रखा केरोसिन अपने ऊपर डालकर आग लगा ली।
जब तक पति व पड़ोस के लोग आग बुझाते, तब तक वह आधी से ज्यादा जल चुकी थी। सूचना पाकर पहुंची डायल हंड्रेड के प्रभारी केके शुक्ला ने बताया कि दैनिक मजदूर के रूप में कार्य करने वाले पति ने काम पर जाने के लिए पत्नी से रोटी बनाने को कहा, जिसको लेकर विवाद हुआ और आक्रोश में विवाहिता ने आग लगा ली।