बीकापुर। कोतवाली पुलिस ने कानपुर जनपद निवासी दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोप है कि दोनों लोगों ने लकी ड्रा निकलने का झांसा देकर उससे 59 हजार रुपये ठग लिया है। कोतवाली क्षेत्र के पूरे बेदी बनकट निवासी रीना पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़िता द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप है कि 13 सितंबर 2018 को उसके मोबाइल फोन पर फोन आया कि आपका लकी ड्रा निकला है। वोडा कंपनी द्वारा 12 लाख 75 हजार 820 रुपये और स्कूटी इनाम आया है।
उसके बाद उसी दिन दूसरे व्यक्ति ने खुद को वोडा कंपनी का अधिकारी बताते हुए फोन किया और योजना की जानकारी दी। दोनों लोगों ने उन्हें लालच देकर उनका आधार नंबर, बैंक खाता नंबर, बैंक पासबुक की छाया प्रति तथा पैन कार्ड की फोटोकॉपी मांगा। उन्होंने उनके द्वारा बताए गए पते राहुल कुमार निवासी भीमसेन का पुरवा जिला कानपुर तथा दयाराम ग्राम बनपुरवा नई बस्ती कानपुर पर रजिस्टर्ड डाक से भेज दिया।
फिर दोनों आरोपियों द्वारा बैंक खाता नंबर देकर बताए गए पंजाब नेशनल बैंक और इलाहाबाद बैंक के खाता में पैसा मांगा गया। उनके द्वारा जन सेवा केंद्र से 59000 रुपए कई बार में भेजा गया। परंतु कोई लकी ड्रा नहीं मिला। फिर आरोपियों द्वारा लालच दिया गया कि तुम्हारा पैसा अधिक है किसी एक खाते में नहीं भेजा जा सकता।
उनके झांसे में आकर उन्होंने बीकापुर के भारतीय स्टेट बैंक, केनरा बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में जाकर 2-3 खाता और खुलवा लिया। नया खाता खुलवाने के बाद आरोपियों द्वारा बैंक ऑफ बड़ौदा बीकापुर के खाते में 4000 रुपए भेजा गया। फिर फोन करना बंद कर दिया गया। बाद में जानकारी हुई की जालसाजों द्वारा झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया है। कोतवाल इंद्रेश यादव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर दोनों आरोपियों राहुल कुमार और दयाराम के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करके विवेचना की जा रही है।