अयोध्या। कोतवाली अयोध्या अंतर्गत छोटी छावनी के निकट जानकी रमन कुंज निवासी एक साधु ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद को आग लगा ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास के लोगों का कहना है कि साधु ने खुद पर आग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की है, लेकिन आग लगाने की वजह सामने नहीं आ पा रही है।
रामनगरी के जानकी रमन कुंज निवासी हरिदास (55) ने सोमवार को अज्ञात कारण के चलते दोपहर लगभग 2:30 बजे अपने शरीर पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली।
झुलसे पुजारी हरिदास को मंदिर में ही रहने वाले गंगाराम द्वारा जिला चिकित्सालय लाकर भर्ती कराया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ वीरेंद्र वर्मा ने बताया कि बाबा लगभग 75 फीसदी झुलस गया है। जिसे बर्न वार्ड में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है, हालत गंभीर है। कोतवाली प्रभारी सुरेश पांडेय ने बताया कि घटना का कारण नहीं पता चल सका है। मंदिर के लोगों से पूछताछ की जा रही है।