मिल्कीपुर। खंडासा थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। खुद को भारत सरकार का अपर महाधिवक्ता बताकर हाईकोर्ट में नौकरी दिलाने के एवज में पीड़ित से दो लाख रुपये वसूल लिए। पीड़ित ने खंडासा थाने में ठगी का मुकदमा दर्ज कराया है।
थाने के पूरे खुसली विनायकपुर निवासी ओम प्रकाश मिश्र ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि इछोईं निवासी पवन पांडेय ने खुद को अपर महाधिवक्ता एवं नियुक्ति समिति का सदस्य बताते हुए उनको हाईकोर्ट में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद डेढ़ लाख रुपये एडवांस मांगे।
रुपये मिलने के एक सप्ताह बाद पवन पांडेय ने हाईकोर्ट का एक नियुक्ति पत्र देते हुए 50 हजार रुपये फिर ले लिये। इस मौके पर पीड़ित के साथ उसके गांव का एक व्यक्ति और भी था।
ओम प्रकाश के अनुसार जब वह नियुक्ति पत्र लेकर हाईकोर्ट पहुंचा तो पता चला कि नियुक्ति पत्र फर्जी है। पीड़ित ने इसकी सूचना घरवालों को दी तथा अपना पैसा वापस देने का दबाव पवन पांडेय पर बनाया। पहले तो आरोपी ने पैसा वापसी की बात कही। बाद में मुकर गया व जान से मारने की धमकी देने लगा।
पीड़ित ओम प्रकाश की तहरीर पर खंडासा थाने में ठगी की एफआईआर लिखी गई है। खंडासा थानाध्यक्ष सुनील सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। विवेचना की जा रही है।