अयोध्या। ब्लॉक मवई की पांच और न्याय पंचायतों में गोशालाओं का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए बीडीओ ने उप जिलाधिकारी रुदौली से जमीन की पैमाइश हेतु राजस्व टीम भेजने के लिए पत्राचार किया है। जिसके बाद एसडीएम रुदौली ने संबंधित हलका लेखपालों को निर्देश जारी कर दिए है।
मवई ब्लॉक की सभी 8 न्याय पंचायतों में कम से कम एक गोशाला का संचालन का निर्देश उच्च अधिकारियों द्वारा मिलने के बाद अब इसके निर्माण के लिए तेजी लाई जा रही हैं।
जिसमें अभी तक नेवरा न्याय पंचायत के नौरोजपुर बघेडी व संडवा, सैमसी न्याय पंचायत के बिहारा और मवई के जैसुखपुर में गोशाला का निर्माण हुआ लेकिन केवल जैसुखपुर में ही कार्य पूर्ण हो सका और अन्य में कार्य अधूरा होने के कारण संचालित नहीं हो सका।
जिनमें संडवा और बिहारा तथा सैदपुर में निर्माण कार्य बहुत तेजी से चल रहा है। वहीं, नौरोजपुर बघेडी में स्थित गोशाला का कार्य निर्माण के बाद से ठप पड़ा हुआ है।
अब प्रत्येक न्याय पंचायत में एक गोशाला के संचालन के दिशा निर्देश के बाद पांच न्याय पंचायत के गांव में जमीन की तलाश के बाद अब बीडीओ मवई ने उसकी पैमाइश कराने के लिए एसडीएम रुदौली से पत्राचार किया है।
बीडीओ मवई डा. घनश्याम त्रिपाठी ने बताया कि डिलवल न्याय पंचायत की बरतरा, मखदुमपुर न्याय पंचायत की सुल्तानपुर, देवइत न्याय पंचायत की देवइत, गनेशपुर और रानीमऊ में गो आश्रय स्थल के निर्माण के लिए जमीन की तलाश के बाद पैमाइश के लिए एसडीएम को पत्र लिखा गया था।
वहीं एसडीएम रुदौली ज्योति सिंह ने बताया कि जिन गांवों में गोशाला का निर्माण होना है वहां से संबंधित लेखपालों को पैमाइस करने के निर्देश दिए गए हैं।