अयोध्या। अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में पढ़ाने के लिए शिक्षकों की काउंसलिंग बृहस्पतिवार को कराई गई। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में काउंसलिंग के लिए 254 शिक्षकों को बुलाया गया था। काउंसलिंग को लेकर दिन भर डायट परिसर में गहमा-गहमी का माहौल रहा। देरशाम तक काउंसलिंग प्रक्रिया चलती रही।
कांवेंट स्कूलों की तर्ज पर अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कराने के लिए जिले के 201 परिषदीय स्कूलों को चयनित किया गया है। इनमें 139 विद्यालयों का चयन इसी सत्र में किया गया है।
जिनमें शिक्षकों के चयन प्रक्रिया अप्रैल माह से ही चल रही है। इसके लिए छह जुलाई को शिक्षकों की लिखित परीक्षा कराई गई है।
जिनमें करीब चार सौ सफल शिक्षकों का साक्षात्कार कराने के बाद 254 शिक्षकों को काउंसलिंग के लिए बृहस्पतिवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण केंद्र पर बुलाया गया था।
इनमें जूनियर हाईस्कूल के 6, प्राथमिक विद्यालय के 180 व प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक व जूनियर हाईस्कूल के 68 शिक्षक शामिल थे। जिनकी काउंसलिंग प्रक्रिया सुबह से ही शुरू हुई।
परिसर में दिन भर शिक्षक नेता भी डटे रहे। देर शाम तक काउंसलिंग प्रक्रिया चलती रही। जिला समन्वयक अनिल सिंह ने बताया कि जूनियर के प्रधानाध्यापक के छह के सापेक्ष चार उपस्थित रहे।
अन्य पर काउंसलिंग चल रही है, जो रात तक चलेगी। इस दौरान बीएसए अमिता सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नीलमणि त्रिपाठी, खंड शिक्षाधिकारी व अन्य मौजूद रहे।