अयोध्या। जिले के अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष कुमार सिंह समेत मंगलवार को 63 मरीज कोरोना पॉजिटिव मिले। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 975 पहुंच गई है।
जिले में एसिंप्टोमेटिक मरीजों की शिनाख्त करने के लिए नगर निगम क्षेत्र के 10 स्थानों पर शिविर लगाकर एंटीजन किट से जांच कराई जा रही है। जिसके फलस्वरूप प्रतिदिन काफी संख्या में कोरोना मरीज पाए जा रहे हैं। मंगलवार को भी 63 मरीज पॉजिटिव आए हैं।
इनमें कलेक्ट्रेट का एक प्रशासनिक अफसर भी शामिल है। जिन्हें सर्दी जुखाम बुखार की समस्या हुई तो उन्होंने अपनी जांच जिला चिकित्सालय में एंटीजन किट से कराया था। प्रशासनिक अफसर के परिवार के अन्य लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उनका आरटी पीसीआर टेस्ट भी कराने की तैयारी है।
वहीं, नगर निगम क्षेत्र के अंगूरीबाग निवासी समाजवादी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आने से हड़कंप रहा। इसके अलावा मया ब्लॉक के तेलिया गढ़ गोसाईगंज में दो, रामनगर कॉलोनी में दस, हौसलानगर में दो, कौशलपुरी में एक, देवनगर कॉलोनी में एक, रिकाबगंज में एक, मवई के माजनपुर में एक, मुगलपुरा में एक, पुलिस लाइन में एक, सोहावल के नवादा निवासी गर्भवती महिला, नवी का पुरवा में एक, रायबरेली रोड पर दो, पुरानी सब्जी मंडी में एक सहित अन्य मरीज कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। रिपोर्ट आते ही सभी को आइसोलेट कराया गया है।