अयोध्या। कोविड-19 सहित अन्य वारयस जनित रोगों की जांच के लिए राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में निर्मित होने वाली वीएसएल-2 लैब का निर्माण कार्य सोमवार से प्रारंभ किया जाएगा। शासन की ओर से कार्यदायी संस्था का निर्धारण करते हुए 25 अगस्त तक लैब को संचालित करने का फरमान जारी किया गया है।
कोरोना वायरस की सटीक जांच के लिए वायरॉलजी लैब की आवश्यकता होती है। अब तक वायरॉलजी लैब जिले में न होने से कोरोना की जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ, पीजीआई, वीरबल साहनी, गोरखपुर जैसी लैब का सहारा लिया जाता है, जिससे दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन एक माह बाद जिले को वीएसएल-2 लैब की सौगात मिलने की उम्मीद जगी है।
मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया की ओर से मेडिकल कॉलेज में वीएसएल-2 लैब की अनिवार्यता के बाद मेडिकल कॉलेज में लैब निर्माण कार्य सोमवार से शुरू करने का दावा किया जा रहा है। इसके लिए पीडब्लूडी को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। सिविल व इलेक्ट्रिकल कार्यों पर करीब 32 लाख व मशीनरी पर करीब 71 लाख रुपये खर्च का स्टीमेट बना है।
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ विजय कुमार ने बताया कि 1600 वर्गफिट क्षेत्रफल में मानक के अनुरूप यह लैब तैयार होगी। इस पर करीब सवा करोड़ रुपए खर्च होंगे। टेंडरिंग प्रक्रिया के उपरांत पीडब्लूडी को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। सोमवार से सिविल कार्य प्रारंभ होंगे। 25 अगस्त तक लैब को संचालित करने का आदेश प्राप्त हुआ है।