अयोध्या। दिल्ली व मुंबई से अलग-अलग गांवों में आए चार और मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सोमवार को रिपोर्ट आते ही गांव में मौजूद मरीजों को झुनझुनवाला कोविड केयर सेंटर में आइसोलेशन के लिए भेजा गया है। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग व प्रशासनिक टीमों ने कोरोना बचाव से संबंधित कार्य प्रारंभ कराया। इन मरीजों को लेकर जिले में संक्रमितों की संख्या अब 270 पहुंच गई है।
सोमवार को जिले में चार और प्रवासी श्रमिक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें मिल्कीपुर के नरेंद्र भादा निवासी दिल्ली से लौटा एक किशोर, मुंबई से लौटे रुदौली ब्लॉक के बरावा, कोपेपुर व कोटरा निवासी एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए कोविड सेंटर भेजा गया है। शुजागंज प्रतिनिधि के अनुसार रुदौली तहसील क्षेत्र के कोटरा गांव निवासी 23 वर्षीय युवक व कोपेपुर निवासी 44 वर्षीय अधेड़ एक साथ ट्रेन द्वारा मुंबई से वापस आए थे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली में जांच के पश्चात सभी को होम क्वारंटीन किया गया था। सोमवार को दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर तहसील प्रसासन द्वारा आस पास के क्षेत्रों को सील करके मरीजों को कोविड केयर सेंटर झुनझुनवाला भेजा है। रुदौली प्रतिनिधि के अनुसार तहसील के बरावां गाव में 26 जून को मुंबई से ट्रेन से एक युवक पहुंचा था।
27 जून को कोरोना जांच के लिए नमूना भेजा गया था। जिसकी रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव आने पर गांव में हड़कंप मच गया। सीएचसी अधीक्षक पीके गुप्ता ने बताया कि परिजनों कोत क्वारंटीन किया गया है। मंगलवार को उनकी भी कोविड जांच कराई जाएगी। खंड विकास अधिकारी नागेंद्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि गांव को सैनिटाइज कराया जा रहा है। कोतवाल विश्वनाथ प्रसाद यादव ने बताया कि 10 दिन से गांव सील है। उप जिलाधिकारी विपिन सिंह ने बताया कि तहसील क्षेत्र के बरावां, कोटरा और कोपेपुर में राजस्व व पुलिस की टीम भेजी गई है।