अयोध्या। पहले से पॉजिटिव मिले एक कोरोना मरीज के दो नजदीकियों समेत छह और मरीज जिले में पाए गए हैं। इनमें चार मरीज अहमदाबाद, चेन्नई, सूरत व गुरुग्राम से लौटे हैं। रविवार को रिपोर्ट आने के बाद हड़कंप की स्थिति रही। इन सभी को आइसोलेशन में शिफ्ट कराने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। इन छह मरीजों के मिलने के साथ अब जिले में संक्रमितों की संख्या 272 पहुंच गई है।
भेलसर प्रतिनिधि के अनुसार रुदौली तहसील क्षेत्र के अहिरौली गांव में बीते 23 जून को एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। जिन्हें आइसोलेट कर संपर्क में आने वाले परिवार के 11 सदस्यों को क्वारंटीन किया गया था। रविवार को आई रिपोर्ट में मरीज की माता (50) व पत्नी (32) भी पॉजिटिव आई हैं। स्वास्थ्य विभाग व पुलिस टीम ने गांव को पहले ही सील कर दिया था।
वहीं, रुदौली के ऐहार गांव में 16 जून को गुजरात के सूरत से परिवार के साथ आई वृद्धा ने सीएचसी खैरनपुर में जांच कराई थी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीके गुप्ता ने बताया कि रविवार को वृद्धा की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनके परिवार के छह लोगों को क्वारंटीन के लिए ले जाया जा रहा है।
पूराबाजार प्रतिनिधि के अनुसार पूरा ब्लॉक के मडना के मजरे मरी का चौरा में अहमदाबाद से 24 जून को आई महिला कोरोना पॉजिटिव निकली है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा ने बताया कि 26 जून को सीएचसी पूरा बाजार से महिला का सैंपल कराया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर महिला को आइसोलेट कराया गया है। परिवार के लोगों को भी क्वारंटीन कराया जा रहा है।
मौसम खराब होने के कारण सैनिटाइजेशन नहीं हो पा रहा है। खंड विकास अधिकारी केडी गोस्वामी ने कहा कि ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव व लेखपाल को निर्देशित किया गया कि गांव में स्वास्थ्य टीम का सहयोग करें।
अमानीगंज प्रतिनिधि के अनुसार डूड़ी गांव में चेन्नई से आए 22 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। 25 जून को भी इसी गांव के चार लोग पॉजिटिव मिले थे। रविवार को पॉजिटिव पाया गया युवक भी उन्हीं चारों के साथ ट्रेन द्वारा 21 जून को चेन्नई से घर आया था।
26 जून को सैंपल लिया गया था। सीएचसी खंडासा के अधीक्षक डॉ. संतोष सिंह ने बताया कि मरीज को झुनझुनवाला कोविड अस्पताल भेजा जा रहा है और मरीज की कांटेक्ट हिस्ट्री तैयार की जा रही है।
रामपुर भगन प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम पंचायत बरांव में गुरुग्राम से आए युवक कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया। चौकी प्रभारी उमेश कुमार वर्मा ने बताया कि बरांव निवासी 37 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित मिला है, जिसे मेडिकल टीम द्वारा इलाज हेतु झुनझुनवाला कोविड सेंटर ले जाया गया। उन्होंने बताया कि यह युवक पांच दिन पहले ही गांव आया है। डेढ़ माह पहले गांव में एक केस पॉजिटिव मिला था, जिसके ठीक हो जाने से गांव में लगा प्रतिबंध हट गया था।