अयोध्या। कोरोना संक्रमण का ग्राफ जिले में बढ़ता जा रहा है। एक ही घर में पहले से पॉजिटिव मिली दो महिलाओं के बाद मंगलवार को दो पुत्री व पिता सहित जिले में आठ और मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन मरीजों को लेकर अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 233 पहुंच गई है।
मंगलवार को आई रिपोर्ट में जिले में आठ और मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें मुंबई से आया एक, दिल्ली से आए दो, और हरियाणा और सूरत से एक-एक प्रवासी शामिल हैं, जबकि 3 लोग स्थानीय हैं। मिल्कीपुर के गोड़वा में दो, मया बजार के कटरा गोसाईगंज निवासी हरियाणा से लौटा युवक, रुदौली के शुजागंज व अहिरौली निवासी दो, बीकापुर के रामपुर भगन निवासी तीन व्यक्ति पॉजिटिव पाए गए हैं।
रिपोर्ट आने पर सभी मरीजों को आइसोलेट करते हुए संपर्कियों की शिनाख्त शुरू की गई। साथ ही संक्रमित इलाके में कोरोना बचाव से संबंधित कार्य कराए गए।
पहले घर के दो थे पॉजिटिव, अब दो पुत्री व पिता को संक्रमण
रामपुरभगन। बीकापुर विकासखंड क्षेत्र के रामपुरभगन में मंगलवार को दो पुत्रियों समेत पिता की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। माता और चाची 18 जून को पॉजिटिव आ चुके हैं। क्षेत्रीय लेखपाल सूर्यभान वर्मा ने बताया कि इस परिवार के सभी लोग पहले से ही क्वारंटीन हैं। बीकापुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. खतीब अंसारी ने बताया कि रामपुर भगन में अब संक्रमित मरीजों की संख्या 13 हो गई है। इनमें पूर्व में पॉजिटिव आए दो लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर घर भेज दिया गया है। अब रामपुरभगन के दस मरीजों का इलाज चल रहा है। चौकी प्रभारी उमेश कुमार वर्मा ने बताया कि गांव पहले से सील है।