300 children from seven countries learning the tricks of Ramlila online
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। विदेशी रामलीला कलाकार अब हिंदी में भी रामलीला मंचन व गायन सीखेगें। उन्हें प्रशिक्षित करने के लिए अयोध्या शोध संस्थान ने अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में अयोध्या शोध संस्थान द्वारा आनॅलाइन रामलीला वेबिनार का प्रारंभ 21 जून से शुरू किया गया है जो कि 12 जुलाई तक चलेगा। इस वेबिनार में विश्व के सात देशों के 300 बच्चों को ऑनलाइन रामलीला प्रशिक्षण भारतीय एक्सपर्ट द्वारा दिया जा रहा है। प्रशिक्षण प्रत्यसेक रविवार शाम सात बजे से 9.30 बजे तक प्रदान किया जा रहा है।
अयोध्या शोध संस्थान के निदेशक वाईपी सिंह ने बताया कि विश्व में पहली बार रामलीला के प्रशिक्षण का कार्यक्रम ऑनलाइन किया जा रहा है। जिसमें गोरखपुर से मानवेंद्र त्रिपाठी द्वारा रामलीला के गायन, मेकअप एवं संवाद आदि का प्रशिक्षण 21 जून से प्रत्येक रविवार की शाम 7 बजे से 9:30 बजे तक प्रदान किया जा रहा है।
यह आनॅॅलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम 12 जुलाई तक चलेगा। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण में फीजी, सूूूरीनाम, गुयाना, मॉरीशस, त्रिनिडाड, श्रीलंका, वेनजुएला के लगभग 300 बच्चे सम्मिलत हो रहे हैं। यह प्रशिक्षण अयोध्या शोध संस्थान संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा संस्कृृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। जिसमें रामायण सेंटर, मॉरीशस एवं एनसीआईसी त्रिनिडाड का भी सहयोग प्राप्त है।इस प्रशिक्षण का समन्वय पंडित इंद्राणी राम प्रसाद त्रिनिडाड से एवं मानवेंद्र त्रिपाठी लखनऊ से कर रहे हैं।