फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चार और प्रवासी मिले पॉजिटिव

विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। जिले में अन्य प्रांतों से लौटे प्रवासी श्रमिक व कामगारों में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पूर्व में पॉजिटिव मिले दो व्यक्तियों के साथ आए चार और मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। शनिवार को रिपोर्ट प्राप्त होते ही इन्हें कोविड हॉस्पिटल में आइसोलेट कराया गया है। हालांकि, इन मरीजों को पूर्व में ही क्वारंटीन किया गया था। इस तरह अब जिले में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 109 पहुंच गई है।
विज्ञापन

पखवारे भर पहले जिले में कोरोना ग्राफ शून्य था लेकिन भारी संख्या में पहुंचे कामगार व प्रवासी श्रमिकों में कोरोना की पुष्टि होने के बाद मौजूदा समय में कोरोना मरीजों की संख्या शतक पार कर चुकी है। अभी भी बहुत से लोग जांच से वंचित हैं। माना जा रहा है कि यदि सभी की जांच हो जाय तो स्थिति चिंताजनक हो सकती है। इसे लेकर ग्रामीण इलाकों में लोग खौफ में जी रहे हैं।
शनिवार को आई रिपोर्ट में पॉजिटिव मरीजों के साथ यात्रा करके पहुंचे चार और लोगों के पॉजिटिव मिलने से हड़कंप दिखा। इन लोगों को शान-ए-अवध होटल में पहले से क्वारंटीन किया गया था। रिपोर्ट मिलने के बाद इन्हें आइसोलेशन वार्ड में भेजा गया। जबकि अन्य बचाव कार्य पूर्व में ही किए जा चुके हैं।
विज्ञापन

मिल्कीपुर प्रतिनिधि के अनुसार मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम सेवरा मजरे माली का पुरवा में दिल्ली से लौटे एक ही परिवार के तीन व्यक्ति अब पॉजिटिव हो चुके हैं। इससे गांव में लोग भयभीत हैं। लोगों ने बताया कि गांव का एक व्यक्ति दस दिन पहले दिल्ली से आया था।
संदेह होने पर इनकी जांच कराई गई तो 26 मई को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद मरीज की पत्नी (28) व बेटी (3) को शान-ए-अवध होटल में क्वारंटीन करते हुए नमूना भेजा गया। रिपोर्ट में संदेह होने के बाद दोबारा नमूना गया तो शनिवार को दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मिल्कीपुर एसडीएम अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि गांव को पहले ही सील करवा दिया गया है। मरीजों की कांटेक्ट हिस्ट्री तैयार की जा रही है। बताया कि गांव में 61 लोग बाहर से आए हैं। जिनकी सूची तैयार करके उनके घरों पर होम क्वारंटीन का पोस्टर चस्पा किया जा रहा है।
महबूबगंज प्रतिनिधि के अनुसार विकासखंड मया के ऊंचगांव रोहियावां के मजरा रेवरी सरैया में एक महिला पिछले सप्ताह ही अहमदाबाद से परिवार के साथ लौटी थी। तबियत खराब होने पर जांच कराई गई तो कोरोना की पुष्टि होने के बाद उसे आइसोलेट करके क्लोज कांटेक्ट में रहे परिवार के सात सदस्यों को क्वारंटीन किया गया था। शनिवार को आई रिपोर्ट में महिला के ससुर और ससुर की मां की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह लोग महिला के साथ अहमदाबाद से आए थे। ग्राम प्रधान काजी इमरान ने बताया कि महिला का ससुर स्कूल के पास ऊंचेगांव चौराहे पर ओम प्रकाश प्रजापति की चाय की दुकान पर घंटों बैठा करता था। इसलिए गांव में संक्रमण फैलने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है।
स्टाफ नर्स की रिपोर्ट निगेटिव, डिस्चार्ज
सप्ताह भर पूर्व कोरोना पॉजिटिव पाई गई जिला महिला अस्पताल की स्टाफ नर्स की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद आइसोलेशन से मुक्त करके होम क्वारंटीन किया गया है। शुक्रवार की शाम मेडिकल कॉलेज, दर्शननगर से डिस्चार्ज करते हुए चिकित्सकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. सत्यजीत वर्मा ने बताया कि स्टाफ नर्स व एक अन्य मरीज की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें होम क्वारंटीन करने के लिए अस्पताल से छुट्टी दी गई है। दोनों की हालत सामान्य है। जरूरी एहतियात बरतने की सलाह भी दी गई है।
बंदियों की रिपोर्ट आई निगेटिव
बीते सप्ताह फूटे कोरोना बम में 18 लोगों के साथ मंडल कारागार का एक बंदी भी पॉजिटिव मिला था। इसे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मरीज को आइसोलेट करते हुए उसके संपर्क में आए बंदियों सहित 27 अन्य लोगों को भी क्वारंटीन करके जांच के लिए नमूना भेजा गया था। शनिवार को आई रिपोर्ट में पॉजिटिव मिले बंदी सहित अन्य सभी नजदीकियों की रिपोर्ट निगेटिव आने से जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली है। अधीक्षक बृजेश कुमार ने इसकी पुष्टि की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें